कोलकाता, 28 मार्च।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर क्षेत्र में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर कड़ी टिप्पणी की है। पार्टी ने कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था और हिंदू समुदाय की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं।
भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि जुलूस के दौरान हिंसा की घटना उस जिले में हुई, जहां मुस्लिम आबादी 70 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नीतियों के कारण राज्य के कई सीमावर्ती जिले ऐसे बन गए हैं जहां हिंदू समुदाय असुरक्षित महसूस कर रहा है।
अमित मालवीय ने चेतावनी दी कि यदि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस सत्ता में बनी रही तो भविष्य में बंगाल के हिंदुओं को नए ठिकाने की तलाश करनी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में पश्चिम बंगाल की गौरवशाली विरासत को कमजोर करने की कोशिशों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भाजपा ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी को अपने इस्लामी एजेंडे में सफलता नहीं मिलने दी जाएगी। वहीं, प्रशासन ने जंगीपुर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति पर नजर रखने की बात कही है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।












