जगदलपुर, 02 मई।
छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर शनिवार को एक घातक आईईडी ब्लास्ट में चार जवान शहीद हो गए। यह घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के कोरोसकोडा जंगल में उस समय हुई जब सुरक्षाबल नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इस दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा बिछाई गई आईईडी को डिफ्यूज़ करने का प्रयास किया, तभी यह भीषण धमाका हुआ। धमाके के कारण जवानों को संभलने का कोई अवसर नहीं मिला और तीन जवान घटनास्थल पर ही शहीद हो गए।
घायल जवान परमानंद कोर्राम को तुरंत रायपुर एयरलिफ्ट कर लिया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने इस घटना की पुष्टि की और बताया कि यह ऑपरेशन सुरक्षाबलों को मिली जानकारी के आधार पर चलाया गया था। इस अभियान के दौरान एक नक्सली डंप भी बरामद किया गया, जिससे सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली।
नक्सली हिंसा के बीच जवानों की शहादत ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है, वहीं सुरक्षा बलों की ओर से इस प्रकार के ऑपरेशन जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है।











