काठमांडू, 28 मार्च।
नेपाल की सीपीएन (यूएमएल) ने अपने अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की गिरफ्तारी के विरोध में कानूनी लड़ाई के साथ-साथ व्यापक देशव्यापी आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
पार्टी सचिवालय की आकस्मिक बैठक में यह फैसला किया गया, जिसमें ओली की तत्काल रिहाई की मांग को प्रमुख रूप से उठाया गया। बैठक में पार्टी नेतृत्व ने स्थिति की गंभीरता पर चर्चा की और आगामी रणनीति तय की।
पार्टी महासचिव शंकर पोखरेल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सीपीएन (यूएमएल) अपने सभी जनसंगठनों के माध्यम से आज दोपहर 3 बजे तक सभी जिलों के मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन लोकतंत्र और कानून के शासन के समर्थन में किया जाएगा।
पोखरेल ने आगे कहा कि पार्टी अन्य लोकतांत्रिक दलों, नागरिक समाज और आम जनता के सहयोग से इस आंदोलन को सफल बनाने पर जोर देगी। उनका यह भी कहना था कि संवाद और सहयोग के माध्यम से देश की न्यायिक और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूती प्रदान करना जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि ओली और उनके सहयोगी को आठ और नौ सितंबर 2025 की घटनाओं की जांच करने वाले गौरी बहादुर कार्की की अध्यक्षता वाले आयोग की सिफारिशों के आधार पर शनिवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया। जांच आयोग की रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकाला गया कि आठ सितंबर 2025 को हुए जेन जी विरोध प्रदर्शनों में तत्कालीन सरकार की लापरवाही और असावधानी के कारण 19 युवाओं की जान गई।












