फरीदाबाद, 02 मई।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने दिल्ली और फरीदाबाद के बीच नई मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (MEMU) ट्रेन सेवा की मंजूरी दी है। यह निर्णय केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के लगातार प्रयासों के बाद लिया गया, जिन्होंने बढ़ते यात्री दबाव को ध्यान में रखते हुए बेहतर रेल सुविधाओं की मांग की थी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा जारी पत्र में इस मंजूरी की पुष्टि की गई है, जो हरियाणा के परिवहन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। इस नई MEMU सेवा से यात्रियों को कम समय में और अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा, जिससे फरीदाबाद और दिल्ली के बीच यात्रा की गति में सुधार होगा।
नई ट्रेन सेवा से न केवल यात्रा का समय घटेगा बल्कि यह फरीदाबाद को दिल्ली के आर्थिक क्षेत्र से और अधिक जोड़ने में मदद करेगी। इसके साथ ही, दिल्ली-पलवल EMU सेवा को कोसी कलां और मथुरा तक विस्तारित करने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
गुर्जर ने इस निर्णय को अपनी क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह नई MEMU ट्रेन फरीदाबाद के उन लोगों के लिए एक तोहफा है, जो रोज़ दिल्ली काम और शिक्षा के लिए आते हैं। उनका मानना है कि इस मंजूरी के साथ स्थानीय यात्रियों को अब और अधिक सुविधाजनक और तेज यात्रा का लाभ मिलेगा।










