कोलकाता, 25 मार्च 2026।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार सुबह दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे और मां भवतारिणी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य और पार्टी की वरिष्ठ नेता लॉकेट चटर्जी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि उन्होंने राज्य की समृद्धि और विकास की कामना के लिए मां काली से प्रार्थना की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका उद्देश्य पश्चिम बंगाल को ‘सोनार बांग्ला’ और ‘विकसित बांग्ला’ बनाना है।
नितिन नवीन ने राज्य में पूजा पंडाल स्थापित करने के लिए उच्च न्यायालय से अनुमति लेनी पड़ने की बात को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि नमाज के लिए अनुमति आसानी से दी जाती है, जबकि पूजा पंडाल के लिए बाधा आती है। उन्होंने सभी धर्मों के प्रति समान व्यवहार की आवश्यकता पर बल दिया।
भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पार्टी पश्चिम बंगाल के समग्र विकास और बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से उन्होंने मां भवतारिणी से आशीर्वाद की प्रार्थना की।












