बांसवाड़ा, 02 मई
बांसवाड़ा में साइबर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी और संदिग्ध बैंकिंग नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। "ऑपरेशन म्यूल हंटर" के तहत 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस ऑपरेशन ने 'हर्ष ट्रेडिंग' नामक एक बैंक खाते के जरिए चलाए जा रहे देशव्यापी धोखाधड़ी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
साइबर थाना प्रभारी हरिओम मीणा के नेतृत्व में की गई जांच में पुलिस को यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि हर्ष जोशी के नाम पर खोला गया बैंक खाता ठगी की रकम को खपाने के लिए उपयोग किया जा रहा था। इस खाते के खिलाफ विभिन्न राज्यों से 21 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें लगभग 16 लाख 40 हजार रुपये की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है। हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर यह संख्या बढ़कर 82 लाख रुपये तक पहुँच गई है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपितों में हर्ष जोशी, हिमांशु शर्मा, विकास विजयवर्गीय और अनील बाथम शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि खाता हर्ष के नाम पर था, लेकिन असल में इस खाते का संचालन अन्य गिरोह के सदस्य कर रहे थे। ठगी की रकम पहले इसी खाते में मंगवाई जाती थी और फिर उसे विभिन्न माध्यमों से निकाल लिया जाता था। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों का पता लगाया जा सके।









