गुवाहाटी, 03 अप्रैल 2026।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को असम के बराक घाटी में चुनावी प्रचार तेज करते हुए ‘मियां’ समुदाय से अपील की कि वे एआईयूडीएफ के पक्ष में एकजुट होकर मतदान करें और भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करें।
चुनावी सभाओं में ओवैसी ने “मियां जिंदाबाद” के नारे लगाए और कहा कि इस बार समुदाय को संगठित होकर एआईयूडीएफ को समर्थन देना चाहिए ताकि उनकी पहचान और अस्तित्व सुरक्षित रह सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘मियां’ समुदाय का अस्तित्व और उसकी सांस्कृतिक पहचान हमेशा बनी रहेगी।
सांसद ओवैसी ने भाजपा सरकार पर गरीब अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने के आरोप लगाते हुए कहा कि 9 अप्रैल को मतदान के जरिए इसका जवाब देना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब ‘मियां’ परिवारों के खिलाफ चलाए जा रहे कथित बेदखली अभियानों को रोकने के लिए लोगों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
ओवैसी ने कांग्रेस पार्टी को भी निशाने पर लिया और आरोप लगाया कि उसने गरीब ‘मियां’ परिवारों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट देने से समुदाय को कोई लाभ नहीं मिलेगा और केवल एआईयूडीएफ ही असम में ‘मियां’ समुदाय के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस बार एआईयूडीएफ को समर्थन दें और समुदाय की सुरक्षा तथा सम्मान की लड़ाई को मजबूत बनाएं।







