कोलकाता, 23 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बीच दार्जिलिंग जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ सिलीगुड़ी और माटीगाड़ा क्षेत्रों में चल रही मतदान व्यवस्था का निरीक्षण किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित प्रबंधन, उत्सव जैसे माहौल और मतदान प्रक्रिया की सराहना की। विशेष रूप से, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था, पेयजल, छाया, बैठने की सुविधा और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष इंतजामों की भी सराहना की गई। निर्वाचन आयोग ने बताया कि ये सभी सुविधाएं न्यूनतम अनिवार्य सुविधाओं के तहत सुनिश्चित की गई हैं।
इस प्रतिनिधिमंडल में नामीबिया, जॉर्जिया, नेपाल, फिलीपींस, स्विट्जरलैंड, केन्या और अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हैं। आयोग का उद्देश्य भारत की मजबूत चुनावी व्यवस्थाओं को प्रदर्शित करना और वैश्विक चुनाव प्रबंधन संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाना है।
वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने अपने गृह क्षेत्र नंदीग्राम में विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया और मीडिया से बातचीत में कहा कि पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही है। उन्होंने कहा कि पहले के चुनावों में मतदाताओं को डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन इस बार सुरक्षा व्यवस्था सख्त है और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई गई है।
शुभेंदु अधिकारी इस बार नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है। भवानीपुर में मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि नंदीग्राम में मतदान आज हो रहा है।
भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं ने सुबह मतदान किया और उसके बाद विभिन्न क्षेत्रों का दौरा शुरू किया। अब तक अधिकांश मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है और सुरक्षा बल पूरी तरह से सतर्क हैं। शुभेंदु अधिकारी और अग्निमित्रा पॉल ने मतदान के बाद शांतिपूर्ण चुनाव की उम्मीद जताई है।









.jpg)
