देवास, 23 अप्रैल।
आपात स्थिति में त्वरित सहायता देने वाली डायल-112 सेवा ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए भटके हुए मासूम को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया। जिले में घर से निकलकर रास्ता भटक गए सात वर्षीय बालक को पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित संरक्षण में लिया और परिजनों से मिलवाया।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र के बीराखेड़ी में गुरुवार को एक छोटे बालक के भटकने की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तुरंत मौके पर भेजा गया।
मौके पर पहुंचे स्टाफ आरक्षक विनोद डोडिया और पायलट दीपक दुबे ने बालक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। प्रारंभिक बातचीत के दौरान बालक अपने परिवार के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इसके बावजूद जवानों ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की।
इसके बाद टीम बालक को साथ लेकर आसपास के क्षेत्र में उसके परिजनों की तलाश में जुट गई। स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान पता चला कि बालक के परिजन उसे खोजते हुए थाने पहुंच चुके हैं। इसके पश्चात डायल-112 टीम बालक को सुरक्षित थाने लेकर पहुंची, जहां पहचान और सत्यापन के बाद उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।











.jpg)