राजगढ़, 23 अप्रैल
राजगढ़ जिले में चल रहे धोखाधड़ी और ठगी के मामलों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यावरा सिटी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह गिरोह कागज के टुकड़ों को असली नोट बताकर लोगों से बड़ी रकम की ठगी करता था।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह अपने शिकारों को धोखा देने के लिए एक नकली डेमो दिखाता था, जिसमें केमिकल और पानी का इस्तेमाल कर यह विश्वास दिलाया जाता था कि कागज से असली नोट बनाए जा सकते हैं। इसके बाद आरोपित लाखों रुपये लेकर असली नोटों की जगह कागज से भरी नकली गड्डियां देकर फरार हो जाते थे। एक मामले में 17 अप्रैल को गुना-ब्यावरा हाईवे पर फरियादी पंकज प्रजापति और उनके साथियों से 5 लाख रुपये लेकर उन्हें 40 लाख रुपये की नकली गड्डियां दे दी गई थीं।
पुलिस ने शिकायत के बाद एक विशेष टीम गठित की और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद, भोपाल के निशातपुरा से वाहन सहित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद हनीफ और मनोज शामिल हैं, जबकि बख्तार खान फरार है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 लाख रुपये कीमती स्कोडा कार, 4 लाख रुपये नकदी और नकली गड्डियां बरामद की हैं। पूछताछ में हनीफ ने स्वीकार किया कि वह देवास में रिश्तेदार के बहाने लोगों को ठगता था।











.jpg)