चम्पारण, 23 अप्रैल
बगहा पुलिस जिले की पुलिस टीम ने अवैध आधार अपडेट, निर्माण और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के उपयोग के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को गोवर्धना थाना क्षेत्र के तरकुलवा गांव में कुछ लोगों द्वारा अधिकृत केंद्रों से बाहर अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने की जानकारी मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार (30) और रंजन कुमार (23) शामिल हैं, जो पश्चिम चम्पारण जिले के गोवर्धना थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इन दोनों के पास से दो लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, दो प्रिंटर, एक आईरिस स्कैनर, एक फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक वेब कैमरा, नव निर्मित फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड अपडेट से संबंधित विभिन्न दस्तावेज बरामद हुए हैं।
बगहा साइबर थाना की प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि ये आरोपी अवैध रूप से आधार कार्ड का नामांकन और अपडेट कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। यह मामला काफी समय से चल रहा था। साइबर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक सर्वेश कुमार, साईबर थाना बगहा के सिपाही राजेश कुमार, गृह रक्षक हीरा लाल यादव और पिंकु कुमार यादव शामिल थे।










.jpg)
