राजगढ़, 23 अप्रैल
राजगढ़ जिले में संपत्ति से संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान माचलपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त की। पुलिस ने लूट की वारदात में फरार चल रहे एक ईनामी आरोपित को गिरफ्तार किया है।
यह मामला 14 मार्च का है, जब ग्राम रामगढ़ निवासी होकमसिंह ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। होकमसिंह ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार को मोटरसाइकिल से छोड़ने जा रहे थे, तभी छापी नदी की पुलिया के पास एक व्यक्ति ने उनकी जेब से पर्स निकाल लिया। विरोध करने पर आरोपित ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह पुलिया के नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पर्स में 5 हजार रुपये, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस थे, जिन्हें आरोपित लूटकर फरार हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम का गठन किया। टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित कमलसिंह राजपूत को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लूट के 5 हजार रुपये भी बरामद किए गए।










.jpg)
