राजनीति
28 Feb, 2026

अजमेर से पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला, विकास परियोजनाओं की दी बड़ी सौगात

अजमेर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की राजनीति पर हमला करते हुए विकास और स्वास्थ्य योजनाओं की शुरुआत कर राजस्थान के विकास को नई गति देने का दावा किया।

अजमेर, 28 फरवरी 2026।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर में कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिस तरह मुस्लिम लीग की नफरत ने देश का विभाजन कराया था, उसी तरह आज कांग्रेस भी देश को कमजोर और बदनाम करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने दिल्ली में हुए एआई शिखर सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश बताया। प्रधानमंत्री प्रदेश को लगभग 16 हजार 680 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन में दुनिया के कई देशों के प्रमुख नेता और बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे, जिन्होंने भारत की प्रगति की सराहना की, लेकिन कांग्रेस ने विदेशी मेहमानों के सामने ड्रामा कर देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि चुनाव में लगातार हार से निराश कांग्रेस ऐसी राजनीति कर रही है जो देश की एकता के लिए सही नहीं है।

मोदी ने माओवादियों पर भी संविधान और लोकतंत्र के प्रति विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि मुस्लिम लीग की नफरत के कारण देश का विभाजन हुआ और आज कांग्रेस भी वैसी ही राजनीति कर रही है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को एमएमसी—मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस करार देते हुए कहा कि वह लोकतंत्र विरोधी ताकतों का समर्थन कर रही है।

प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों पर रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं और सैनिकों को वर्षों तक वन रैंक वन पेंशन का लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सैनिक सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अपने इजराइल दौरे का उल्लेख करते हुए राजस्थान के वीर सैनिकों के शौर्य का भी स्मरण किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने दो वर्ष पूरे कर लिए हैं और राज्य विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक विकास से जुड़ी परियोजनाओं से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी। अजमेर-पुष्कर क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन अब सरकार ने इस पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने 21 हजार 800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण को राज्य के युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताया।

प्रधानमंत्री ने महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और महिलाओं के स्वास्थ्य को सुरक्षित करेगा। उन्होंने कहा कि जब मां स्वस्थ रहती है तो परिवार और समाज भी मजबूत होता है।

प्रधानमंत्री ने कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनमें बांदीकुई-जयपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर का हाईवे पैकेज और दिल्ली-वडोदरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे शामिल हैं। इसके साथ ही जोधपुर में एलिवेटेड रोड, बारां में राज्य राजमार्ग निर्माण, पेयजल परियोजनाएं और नवीकरणीय ऊर्जा ट्रांसमिशन परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़