गांधीनगर, 31 मार्च।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महावीर जयंती के अवसर पर गुजरात के कोबा में स्थित ‘सम्राट सम्प्रति म्यूजियम’ का उद्घाटन किया। यह प्रधानमंत्री का एक महीने में दूसरा दौरा था, जिसमें उन्होंने गुजरात में विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की।
प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल और राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया। इसके बाद प्रधानमंत्री कोबा पहुंचे, जहां उन्होंने सम्राट सम्प्रति म्यूजियम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, गृह राज्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और महावीर जैन आराधना केंद्र के अध्यक्ष सुधीर मेहता समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रसंत आचार्य पद्मसागर सूरीश्वरजी का आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने म्यूजियम के उद्घाटन को ऐतिहासिक कदम बताया और यह भी कहा कि यह म्यूजियम जैन समाज की गौरवमयी संस्कृति को प्रदर्शित करेगा।












