राजगढ़, 27 अप्रैल
जिले के छापीहेड़ा थाना क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और वाहनों में गैस भरने की गतिविधियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मौके से एक ईको कार, गैस भरने में उपयोग होने वाली विद्युत मोटर तथा कई गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग चार लाख बीस हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम क्षेत्र के एक खेत के पास बनी टापरी में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर वाहनों में गैस भरी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जिनकी पहचान रामबाबू (34), निवासी सिकंदरी तथा जमनालाल (33), निवासी सुस्याहेड़ी के रूप में हुई है।
मौके से एक ईको कार, गैस भरने की विद्युत मोटर, भारत गैस का एक भरा हुआ सिलेंडर, तीन खाली सिलेंडर तथा एचपी कंपनी का एक खाली सिलेंडर जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।













