बाराबंकी, 19 मार्च।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में रामनगर वन विभाग बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान की तैयारियों में जुटा हुआ है। आगामी सीजन को ध्यान में रखते हुए रामनगर तहसील के रानीबाजार रेंज की पांच पौधशालाओं में अलग-अलग प्रजातियों के करीब 10,30,000 पौधे तैयार किए जा रहे हैं। विभाग की योजना के तहत कुल 88 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वृक्षारोपण कराया जाना प्रस्तावित है। अब तक चिन्हित स्थानों पर 1,76,800 गड्ढों की खुदाई पूरी कर ली गई है, जबकि शेष स्थानों पर यह कार्य अभी जारी है।
रामनगर रेंज की रेंजर अल्पना पांडेय ने इस अभियान को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए डिप्टी रेंजर मनोज कुमार यादव और वन कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी है। टीम इन दिनों कार्यालय में बैठकर उन स्थानों का विस्तृत खाका तैयार कर रही है, जहां पौधरोपण किया जाना है।
उन्होंने जानकारी दी कि रेंज के अंतर्गत दिवली, लालपुर गुमान, महंगूपुर, पारिजात और सैदनपुर में स्थित पौधशालाओं में पौधे तैयार किए जा रहे हैं। इन नर्सरियों में नीम, आम, पाकड़, पीपल, गुलर, बरगद, सागौन, यूकेलिप्टस और अमरूद जैसे फलदार एवं छायादार पौधों के साथ-साथ कुछ औषधीय प्रजातियां भी उगाई गई हैं, जिन्हें रोपण के दौरान लगाया जाएगा।
विभाग द्वारा महादेवा मार्ग, दरियाबाद-सफदरगंज मार्ग, चौकाघाट और कुशफर वन ब्लॉक सहित कई स्थानों को पौधरोपण के लिए चिन्हित किया गया है। रेंजर के अनुसार, सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं और लक्ष्य यह है कि निर्धारित समय पर अधिक से अधिक पौधरोपण सुनिश्चित किया जा सके।












