रायपुर, 30 मार्च।
रायपुर नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को महापौर मीनल चौबे ने सोमवार को 2130 करोड़ 35 लाख 13 हजार रुपये के बजट के रूप में पेश किया। इस अवसर पर महापौर ने पंडरी और नरैया तालाब के पास वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाने की योजना का ऐलान किया।
बजट पेश करने से पहले कांग्रेस पार्षद दल ने विरोध जताया। सभी पार्षद ‘वादा तेरा वादा’ गीत गाते हुए हाथों में पोस्टर लेकर सदन में पहुंचे। इस पर सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने नाराजगी जताई और हंगामा भी हुआ।
महापौर ने कहा कि युवाओं के लिए दलदल सिवनी में 500 सीटर और साइंस कॉलेज के पास 1000 सीटर हाईटेक लाइब्रेरी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। शहर के 18 प्रमुख चौक-चौराहों के कायाकल्प के लिए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत काम शुरू हो चुका है। तेलीबांधा के पास टेक्नो टॉवर का निर्माण भी जल्द प्रारंभ होगा।

शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए 16 जनवरी 2026 को जल बोर्ड का गठन किया गया। अमृत मिशन की खामियों को दूर करते हुए पाइपलाइनों का डिजिटलीकरण 70 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। एकता कॉलोनी जैसे क्षेत्रों को ‘टैंकर फ्री’ बनाने में सफलता मिली।
बजट की प्रमुख घोषणाओं में शंकर नगर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और डुमरतराई इलेक्ट्रॉनिक मार्केट के लिए 100 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बांड जारी करने की अनुमति शामिल है।
महिला सशक्तिकरण के तहत पंडरी और नरैया तालाब के पास वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण कार्य शुरू होगा। स्वच्छता में रायपुर को राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में चौथा स्थान मिला है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए मियावाकी पद्धति से 25,605 पौधे लगाए गए और इंटर स्टेट बस टर्मिनल के पास ‘नवग्रह उद्यान’ विकसित किया गया। बजट में 1530 स्व-सहायता समूहों को 26.30 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। सुरक्षा के लिए शहर में 140 लाख की लागत से 268 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।












