फिरोजाबाद, 09 मई।
फिरोजाबाद के रपड़ी ईको टूरिज्म क्षेत्र में विकास कार्यों ने अब तेजी पकड़ ली है और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की स्वीकृत लगभग 3.47 करोड़ रुपये की परियोजना पर जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पहली किश्त के रूप में 2.60 करोड़ रुपये जारी होने के बाद कार्यों में स्पष्ट तेजी देखी जा रही है और इस पूरे क्षेत्र को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस परियोजना के अंतर्गत रपड़ी ईको पार्क में बच्चों के लिए आधुनिक प्ले जोन, नया प्रवेश द्वार, सैंड स्टोन बेंच, साइनिज और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही यहां मगरमच्छ, हाइना, कछुआ, डॉल्फिन और इंडियन रॉक पाइथन जैसी वन्यजीव प्रतिमाएं भी स्थापित की जा रही हैं, जो पर्यटकों और बच्चों के लिए प्रमुख आकर्षण बनेंगी।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रूफ टॉप सोलर फोटो वोल्टाइक पावर सिस्टम पर भी कार्य चल रहा है, जिससे ईको फ्रेंडली पर्यटन मॉडल को मजबूती मिलेगी। साथ ही पार्क में बैठने की आधुनिक व्यवस्था, आकर्षक विश्राम स्थल, ऊर्जा कुशल प्रकाश व्यवस्था और सुव्यवस्थित मार्ग निर्माण जैसे कार्य भी तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।
पूरे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है, ताकि इसे सुरक्षित और पर्यटक अनुकूल वातावरण के रूप में विकसित किया जा सके। जैसे-जैसे यह परियोजना आगे बढ़ेगी, रपड़ी ईको टूरिज्म क्षेत्र की पहचान एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत होती जाएगी, जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री द्वारा बताया गया कि इस परियोजना से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि यहां ईको फ्रेंडली और सतत विकास मॉडल को प्राथमिकता दी जा रही है।
इसके साथ ही सोलर ऊर्जा, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक साइनिज और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं के माध्यम से इस क्षेत्र को नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे यह आने वाले समय में राज्य के प्रमुख नेचर टूरिज्म केंद्र के रूप में स्थापित हो सकेगा।












.jpg)