28 मार्च 2026, मुंबई:कोंकण संभाग के रत्नागिरी जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने सिचाई विभाग (पाटबांधारे) कुंवारबाव के कार्यालय में कार्यरत कार्यकारी अभियंता गणेश हरिदास सलगर को शिकायतकर्ता से दो लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, कार्यकारी अभियंता गणेश ने यह राशि अपने सहायक कनिष्ठ लिपिक और टाइपिस्ट शेखर चंद्रमणि पवार के जरिए ली। प्रारंभ में लिपिक को गिरफ्तार किया गया और बाद में अभियंता गणेश सलगर को दबोचा गया। ठाणे एंटी करप्शन ब्यूरो ने बताया कि शिकायतकर्ता की कंपनी शिवकृपा कंस्ट्रक्शन ने ल.पा. योजना भोलावली तहसील मंडनगढ़ के जलसंचय बांध पर मिट्टी का भराव करने का काम ठेके पर लिया था।
सिंचाई विभाग ने शिकायतकर्ता को दो भुगतान बिल का भुगतान कर दिया था, लेकिन तीसरे बिल की राशि 11,30,893 रुपये थी। इसके भुगतान के लिए आवेदन देने पर कार्यकारी अभियंता गणेश ने 18 मार्च 2026 को बिल स्वीकृत करने के लिए 3,40,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।











