रायबरेली, 26 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में यात्रियों से भरी एक बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया, लेकिन सभी यात्रियों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। बस देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रायबरेली-प्रतापगढ़ राजमार्ग पर बुधवार देर रात अंसार बस सर्विस की बस रायबरेली से सलोन जा रही थी। इसमें करीब 28 यात्री सवार थे। रायपुर महेरी गांव के पास अचानक बस में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हो गईं कि बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सभी ने किसी तरह नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
भदोखर थाना अध्यक्ष राकेश चंद्रा ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और मामले की जांच की जा रही है।












