मीरजापुर, 02 अप्रैल।
चिकित्सक से अपॉइंटमेंट दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुई एक महिला को पुलिस की तत्परता से बड़ी राहत मिली है। थाना कछवां की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते में 47 हजार 529 रुपये की धनराशि वापस कराई है।
कछवां क्षेत्र के बाड़ापुर निवासी मिन्नी राय ने 13 जुलाई 2024 को शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप के माध्यम से लिंक भेजकर उनसे एक ऐप इंस्टॉल कराया। इसके बाद डॉक्टर से अपॉइंटमेंट बुक कराने के नाम पर लगभग 50 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत के आधार पर एनसीआरपी पोर्टल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने जांच को आगे बढ़ाया। लगातार प्रयासों के बाद जांच के दौरान 47,529 रुपये की राशि पीड़िता के खाते में वापस कराने में सफलता प्राप्त हुई।
गुरुवार को जब पीड़िता को उसकी धनराशि वापस मिली, तो उसने थाने पहुंचकर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उसे साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी और अन्य लोगों को भी इस प्रकार के मामलों में सतर्क रहने की सलाह दी।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक अमरजीत चौहान, उप निरीक्षक साहिद यादव और आरक्षी संजीत मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











