टॉप न्यूज़
15 Apr, 2026

सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, राज्य में नए राजनीतिक दौर की शुरुआत

बिहार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जहां राज्यपाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर दो उपमुख्यमंत्रियों ने भी अपने-अपने पदभार ग्रहण किए, जिससे राज्य में नई राजनीतिक व्यवस्था का औपचारिक रूप से शुभारंभ हुआ।

पटना, 15 अप्रैल।

बिहार में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राजग विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने उन्हें शपथ दिलाई। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही बिहार में नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है और वे राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

इस अवसर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे से दो उपमुख्यमंत्रियों विजय चौधरी और विजेन्द्र प्रसाद यादव ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को मुंगेर जिले के लखनपुर गांव में हुआ था। उनके पिता शकुनी चौधरी और माता पार्वती देवी दोनों राजनीति से जुड़े रहे हैं। उन्होंने मदुरै कामराज विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की। वे कोयरी-कुशवाहा समुदाय से आते हैं और भाजपा के प्रमुख ओबीसी चेहरों में गिने जाते हैं। उनका विवाह ममता कुमारी से हुआ है और उनके एक पुत्र एवं एक पुत्री हैं। वे राकेश कुमार नाम से भी जाने जाते हैं।

उन्होंने 1990 में सक्रिय राजनीति की शुरुआत की और 1999 में राबड़ी देवी सरकार में कृषि मंत्री के रूप में शपथ ली। वर्ष 2000 और 2010 में परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। बाद में उन्हें विधानसभा में मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी मिली। 2014 में वे जीतन राम मांझी सरकार में शहरी विकास एवं आवास मंत्री बने और विभिन्न विभागों में भी दायित्व निभाए।

2018 में उन्हें भाजपा की बिहार इकाई का उपाध्यक्ष बनाया गया और 2020 के विधानसभा चुनाव में वे प्रमुख प्रचारक के रूप में उभरे। 2021 में उन्हें पंचायती राज मंत्री बनाया गया। उनके कार्यकाल में विभागीय सुधार और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के प्रयास किए गए।

मार्च 2023 में उन्हें भाजपा का बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जिससे पार्टी को राज्य में नई राजनीतिक रणनीति मिली। इसके बाद वे लगातार राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे और कई मुद्दों पर राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते रहे।

बिहार में अब तक डॉ. श्रीकृष्ण सिंह से लेकर नीतीश कुमार तक कई नेता मुख्यमंत्री रह चुके हैं और अब इस सूची में सम्राट चौधरी का नाम भी शामिल हो गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़