पटना, 18 मार्च।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के अपने दौरे के दौरान जमुई और नवादा जिलों में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे और जिलों में चल रही विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
जमुई जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 602 करोड़ की लागत से 181 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि 312 करोड़ की लागत से 189 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
साथ ही मुख्यमंत्री आम जनता से संवाद करेंगे और उनके सुझाव व समस्याओं को सुनेंगे। यह जनसंवाद कार्यक्रम स्थानीय लोगों के लिए योजनाओं की जानकारी और उनके लाभ सुनिश्चित करने का अवसर भी साबित होगा।
नवादा जिले में मुख्यमंत्री 55 करोड़ की लागत से 37 योजनाओं का उद्घाटन और 244 करोड़ की लागत से 21 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। यहां भी वे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे और जनसंवाद के माध्यम से लोगों से सीधे संपर्क स्थापित करेंगे।
इस दौरे के दौरान समृद्धि यात्रा का उद्देश्य विकास की गति बढ़ाना और जनता तक योजनाओं के लाभ को सुनिश्चित करना है।












