सीतापुर, 26 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के संदना कस्बे में सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर बुधवार आधी रात को एक सीएनजी डीसीएम वाहन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया, लेकिन चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
रालामऊ से सीतापुर जा रही डीसीएम में दोना-पत्तल फैक्ट्री का मटेरियल लदा हुआ था। चलते समय इंजन में अचानक आग भड़क गई और वाहन पूरी तरह लपटों की चपेट में आ गया। आग देखते ही चालक सुनीत कुमार ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर तुरंत बाहर कूदकर अपनी जान सुरक्षित की।
आग लगने के बाद डीसीएम के टायर फटने लगे और जोरदार धमाकों से कस्बे में अफरातफरी मच गई। मौके पर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत संदना पुलिस को सूचना दी। दमकल विभाग को सूचना देने के बावजूद उनकी टीम पहुंचने में कुछ देर हुई, इस दौरान स्थानीय लोग और पुलिस ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया।
करीब आधे घंटे बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वाहन पर लगी आग पर नियंत्रण पाया गया। हादसे में वाहन की केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गई, साथ ही उसमें रखे जरूरी दस्तावेज, कपड़े और अन्य सामान भी नष्ट हो गए।
चालक सुनीत कुमार ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, लेकिन वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना प्रभारी अरविंद कटियार ने बताया कि हादसे के बाद सड़क पर आवागमन सुचारु कर दिया गया है और आगे सुरक्षा उपायों को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।












