नई दिल्ली, 02 अप्रैल।
आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा प्राचीन शिव मंदिर, चिराग दिल्ली से प्रारंभ हुई और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने इसमें भाग लिया।
शोभा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के भक्ति भरे गीतों और जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सौरभ भारद्वाज ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार भी हर साल की तरह आयोजन सफल और भव्य रूप से संपन्न हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने उत्साहपूर्वक इस शोभायात्रा में भाग लेकर इसे सफल बनाया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को इस आयोजन में शामिल होने और इसे सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
सौरभ भारद्वाज ने प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान हनुमान दिल्ली, देश और पूरी दुनिया को आशीर्वाद दें, ताकि वैश्विक स्तर पर चल रहे संघर्ष और तनाव समाप्त हों और विश्व में शांति तथा विकास को बढ़ावा मिले।












