गंगटोक, 06 फरवरी।
सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक भूकंप के लगातार झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता हल्की से मध्यम रही। हालांकि, राज्य में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिक्किम के छह जिलों में से चार जिले, मंगन, नामची, गंगटोक और गेजिंग, भूकंप के झटकों से प्रभावित रहे। इन जिलों में रिक्टर स्केल पर 2.2 से 4.5 तीव्रता के कुल 13 झटके दर्ज किए गए। सबसे अधिक सात झटके मंगन जिले में महसूस किए गए, जबकि नामची जिले में चार और गंगटोक व गेजिंग जिलों में एक-एक झटका दर्ज किया गया।
केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के आंकड़ों के अनुसार, भूकंप का पहला झटका गुरुवार देर रात 1:09 बजे गेजिंग जिले में आया, जिसकी तीव्रता 4.5 मापी गई। इसके बाद 1:15 बजे गंगटोक जिले में 3.1 तीव्रता का झटका महसूस किया गया।
इसके अलावा मंगन जिले में 1:23 बजे 2.2, 2:03 बजे 2.5, 2:56 बजे 2.4, 2:59 बजे 2.5, 3:36 बजे 2.8, 3:52 बजे 2.7 तथा 4:57 बजे 2.2 तीव्रता के झटके दर्ज किए गए। वहीं नामची जिले में 2:20 बजे 3.9, 2:43 बजे 2.4, 3:11 बजे 4.0 और अंतिम झटका शुक्रवार सुबह 5:29 बजे 2.9 तीव्रता का महसूस किया गया।
लगातार भूकंप के झटकों से राज्य के कई हिस्सों में लोग दहशत में आ गए। हालांकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 में सिक्किम में 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसमें भारी जान-माल का नुकसान हुआ था और इसके झटके पड़ोसी देशों तक महसूस किए गए थे।





.jpg)


.jpg)
.jpg)