गुवाहाटी, 31 मार्च।
अगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र असम में चुनावी गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को असम दौरे पर पहुंच रहे हैं और राज्य में पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। राज्य में स्टार प्रचारकों की लगातार मौजूदगी से चुनावी माहौल और भी उत्साहपूर्ण होता जा रहा है।
भाजपा और कांग्रेस—दोनों ही दलों के शीर्ष नेता असम में पहुंचकर अपने चुनावी अभियान को गति दे रहे हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पहले से ही राज्य में मौजूद हैं और उन्होंने भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ के विमोचन कार्यक्रम में भाग लिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज रात असम पहुंचेंगे। उनका विमान रात 8:40 बजे डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे पर उतरेगा, जहां राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया उनका स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री डिब्रूगढ़ में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बाबूलाल मरांडी और स्मृति ईरानी भी आज असम के अलग-अलग स्थानों पर चुनावी सभाओं में भाग लेकर भाजपा के लिए प्रचार करेंगे।
वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी कल असम पहुंचेंगी और कांग्रेस व विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी सभाएं करेंगी, जिससे राज्य में चुनावी मुकाबला और अधिक तेज होने की संभावना है।











