भोपाल, 23 अप्रैल।
मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया के नेतृत्व में आयोग की उच्चस्तरीय टीम शुक्रवार 24 अप्रैल से सागर संभाग के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेगी। इस दौरान आयोग द्वारा संभाग के शहरी और ग्रामीण निकायों की आर्थिक स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा तथा विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 अप्रैल को सागर संभाग में आयुक्त सहित छह जिलों के कलेक्टर, नगर निगम आयुक्तों और मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में केंद्र और राज्य स्तर की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति और उनकी गुणवत्ता को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही स्थानीय निकायों द्वारा अपने स्वयं के राजस्व संसाधनों को बढ़ाने के लिए अपनाए जा रहे उपायों और नवाचारों पर भी विचार किया जाएगा।
इस दौरे में आयोग के सदस्य के.के. सिंह तथा सदस्य सचिव वीरेन्द्र कुमार भी शामिल रहेंगे, जो प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर वित्तीय आंकड़ों का प्रत्यक्ष परीक्षण करेंगे। इसके अलावा टीम द्वारा क्षेत्र में संचालित कुछ प्रमुख विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि उनकी गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।











.jpg)