भोपाल, 06 जून।
मध्य प्रदेश में राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशों के अनुरूप आज शनिवार को सभी जिलों में 'मेगा अपार आईडी दिवस' का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय में पालकों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपने बच्चों के लिए अपार (स्वचालित स्थायी शैक्षणिक खाता रजिस्ट्री) आईडी पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर ने इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अपार आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा का एक स्थायी डिजिटल दस्तावेज सिद्ध होगी। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम, रिपोर्ट कार्ड और छात्रवृत्ति संबंधी विवरण के साथ ही उनकी खेल, कला, संस्कृति और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों का संपूर्ण रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रखा जा सकेगा। इस अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु विकासखंड स्तर पर शिक्षा अधिकारियों और स्त्रोत समन्वयकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।









