नई दिल्ली, 06 जून।
राजधानी के जंतर-मंतर पर शनिवार को हुए एक विशाल प्रदर्शन के बाद व्यंग्यात्मक संगठन 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। इस संगठन पर राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। प्रदर्शन का आयोजन नीट-यूजी 2026 पेपर लीक और सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) मूल्यांकन प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर किया गया था।
यह शिकायत संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा अमेरिका से लौटने के तुरंत बाद किए गए इस प्रदर्शन के संदर्भ में सामने आई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि सीजेपी की यह गतिविधियां विदेशी फंडिंग के जरिए संचालित की जा रही थीं। हालांकि, प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से पूर्व अनुमति ली गई थी।
जंतर-मंतर पर आयोजित इस विरोध सभा में हजारों की संख्या में समर्थक पहुंचे थे, जिनके हाथों में विभिन्न पोस्टर और बैनर देखे गए। प्रदर्शन का नेतृत्व सीजेपी प्रमुख अभिजीत दिपके ने किया। इसमें बड़ी तादाद में स्कूली छात्रों, कॉलेज के विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।








