धमतरी, 06 जून।
रूद्री पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म और यौन शोषण के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला और बाल अपराधों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने यह सफलता हासिल की है। आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर शनिवार को उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पीड़िता को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और फिर उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज करने के साथ ही चिकित्सीय परीक्षण करवाया और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं।
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 19 वर्षीय हरिशंकर सेन, निवासी रूद्री क्षेत्र को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। धमतरी पुलिस का कहना है कि महिला और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।









