सीवान, 06 जून।
सीवान के सिसवन थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि कानून का डर पूरी तरह खत्म होता दिख रहा है। महज 72 घंटे के भीतर गला रेतकर हत्या की यह दूसरी सनसनीखेज वारदात है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। हरिहर छपरा हत्याकांड की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि अपराधियों ने सईपुर गांव में एक और नृशंस हत्या को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है।
मृतक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के मधवापुर निवासी 48 वर्षीय सोहन राम के रूप में हुई है, जो लंबे समय से सईपुर में अपने ससुराल में रह रहा था। शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने उस वक्त वारदात की जब परिवार के साथ सोहन घर में गहरी नींद में था। हमलावरों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। पत्नी की चीख सुनकर जब तक ग्रामीण मदद को पहुंचते, अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो चुके थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने घटनास्थल का दौरा किया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। सिसवन थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। चार दिन पूर्व भी इसी थाना क्षेत्र के हरिहर छपरा में युवक की इसी तरह गला रेतकर जान ली गई थी। इन दो लगातार हत्याओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस के सामने अब इन अपराधियों को पकड़कर जनता का भरोसा बहाल करने की बड़ी चुनौती है।












.jpg)


