भोपाल, 22 जून।
मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी अपना 56वां स्थापना दिवस समारोह आज सोमवार सायं 4 बजे भोपाल स्थित मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के परिसर में आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री तथा अकादमी के अध्यक्ष इन्दर सिंह परमार होंगे, जबकि अध्यक्षता अकादमी के संचालक अशोक कड़ेल करेंगे।
अकादमी के सहायक संचालक (प्रभारी) राम विश्वास कुशवाहा ने जानकारी दी कि समारोह में अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन विशिष्ट अतिथि के रूप में और उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। स्थापना दिवस के इस गौरवशाली अवसर पर अकादमी अपने शैक्षणिक और साहित्यिक कार्यों को दर्शाने वाली पत्रिका “रचना” तथा “प्रगति पथ” ब्रोशर का विमोचन करेगी।
समारोह का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के स्तरीय ग्रंथ निर्माण में योगदान देने वाले शिक्षाविदों का सम्मान होगा। इसमें डॉ. रविन्द्र कान्हेरे, डॉ. खेमसिंह डहेरिया, डॉ. राकेश ढण्ड और डॉ. अलकेश चतुर्वेदी को शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। डॉ. उत्तम सिंह चौहान द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में प्रदेश भर के विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, प्राचार्य और साहित्य जगत के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।










