नई दिल्ली, 23 जून।
सीबीएसई कक्षा 12वीं की पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद परिणामों में आए बड़े बदलाव ने शिक्षा जगत में हलचल मचा दी है। इस प्रक्रिया में रांची के डीपीएस सेल टाउनशिप की कॉमर्स छात्रा अवनी केजरीवाल ने इतिहास रचते हुए राष्ट्रीय टॉपर का स्थान हासिल किया है। पुनर्मूल्यांकन के बाद उनके कुल अंकों में 24 अंकों की भारी वृद्धि हुई, जिससे उनका स्कोर 95.2 प्रतिशत से उछलकर 500 में से 500 यानी पूरे 100 प्रतिशत तक पहुंच गया। अवनी के अलावा बोकारो के आदित्य मिश्रा ने भी पुनर्मूल्यांकन के बाद राष्ट्रीय टॉपर के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है।
अवनी केजरीवाल के मामले में शुरुआत में अंग्रेजी कोर में 100 में से केवल 81 अंक और बिजनेस स्टडीज में 5 अंक कम मिले थे। अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की आधिकारिक जांच के अनुरोध के बाद केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने त्रुटियों को सुधारा और उन्हें सभी पांच मुख्य विषयों में पूर्ण अंक प्रदान किए। अब उनके अंग्रेजी कोर, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, अर्थशास्त्र और एप्लाइड मैथमेटिक्स विषयों में पूरे अंक हैं।
सीबीएसई की इस नई 'ऑन-स्क्रीन मार्किंग' (ओएसएम) डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली की सटीकता पर अब देशभर में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बोर्ड ने 21 जून से पोस्ट-रिजल्ट सेवाओं के परिणाम जारी करना शुरू कर दिया है, जो डिजिलॉकर पोर्टल पर उपलब्ध हैं। इस वर्ष लगभग 1,60,000 छात्रों ने 3,80,000 उत्तर पुस्तिकाओं के लिए सत्यापन का अनुरोध किया था। जिन छात्रों के परिणामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, उन्हें बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालयों में अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के भौतिक निरीक्षण के लिए जल्द ही एक विशेष समय-सीमा प्रदान की जाएगी।









