अपराध
22 Jun, 2026

छत्तीसगढ़ में आईएसआई का स्लीपर सेल सदस्य गिरफ्तार, पावर प्लांट की खुफिया जानकारी भेजने का आरोप

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में पुलिस ने पावर प्लांट की संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है जो हथियारों की साजिश में भी शामिल था।

रायपुर, 22 जून।

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अकलतरा पुलिस ने आईएसआई के एक स्लीपर सेल सदस्य को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान पंजाब के तरनतारन निवासी सेवक सिंह (23) के रूप में हुई है, जो स्थानीय मिनी माता चौक स्थित एक मकान में किराए से रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी अकलतरा की एक पावर कंपनी में बतौर ठेका श्रमिक कार्यरत था। उसके मोबाइल की पड़ताल में पाकिस्तान, सऊदी अरब और मेक्सिको के संदिग्ध नंबर मिले हैं। पुलिस को उसके फोन से व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड के पुख्ता प्रमाण मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह पड़ोसी देश की खुफिया एजेंसी के सीधे संपर्क में था।

एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ के संवेदनशील स्थानों, वाहनों की लोकेशन और वीडियो पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजे थे। उसने अकलतरा की पावर कंपनी और बिलासपुर के सीपत स्थित एनटीपीसी की जानकारी साझा की थी। पुलिस को शुरुआती जांच में सीमा पार से हथियारों की तस्करी और ड्रोन के माध्यम से आतंकी सामान भेजने की साजिश के इनपुट मिले हैं, जिसके लिए मामला एंटी टेररिस्ट स्क्वाड को सौंपा गया है। फिलहाल, मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और उसके बैंक खातों की बारीकी से पड़ताल जारी है।

|
आज का राशिफल

किसी से कहासुनी न हो यह ध्यान रहे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। भाई-बहनों का प्रेम बढ़ेगा। शुभांक-5-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़