लंदन, 22 जून।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के राजनीतिक भविष्य को लेकर अनिश्चितता का माहौल गहरा गया है। लेबर पार्टी के भीतर बढ़ रहे आंतरिक असंतोष और नेतृत्व पर उठ रहे गंभीर सवालों के बीच स्टारमर के इस्तीफे की अटकलें जोर पकड़ रही हैं। हालांकि सरकारी सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री वर्तमान में शासन और देश की नीतिगत प्राथमिकताओं पर पूरी तरह केंद्रित हैं।
स्टारमर के नेतृत्व पर संकट तब और गंभीर हो गया, जब एंडी बर्नहम ने हालिया संसदीय उपचुनाव में शानदार जीत हासिल की। बर्नहम को पार्टी के भीतर एक कद्दावर नेता माना जाता है और उन्हें स्टारमर के प्रमुख उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेबर पार्टी के 100 से अधिक सांसद सार्वजनिक रूप से स्टारमर से पद छोड़ने की मांग कर चुके हैं। मीडिया दावों के अनुसार, कैबिनेट मंत्रियों और पार्टी सलाहकारों से विचार-विमर्श के बाद स्टारमर के लिए अपनी स्थिति बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने हालांकि स्पष्ट किया था कि वे किसी भी नेतृत्व चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं और उन्होंने पार्टी को एकजुट रहने का आह्वान किया था। वर्ष 2024 के आम चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने वाले स्टारमर हाल के दिनों में आर्थिक संकट, बढ़ती महंगाई और अवैध प्रवासन जैसे मुद्दों पर लगातार आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। दूसरी ओर, एंडी बर्नहम ने अपनी जीत के बाद देश को एक "नई दिशा" देने का संकल्प लिया है, जिससे नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाओं को और बल मिला है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि स्टारमर को हटना पड़ता है, तो ब्रिटेन में पिछले एक दशक में सातवें प्रधानमंत्री के आने से राजनीतिक अस्थिरता का नया दौर शुरू हो सकता है।









