चेन्नई, 23 जून।
सुपरस्टार रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म 'जेलर 2' को लेकर फैंस के बीच उत्साह का माहौल चरम पर है। हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर ने इस फिल्म को लेकर एक नई चर्चा छेड़ दी है। इस तस्वीर में बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन को एयरपोर्ट पर पायलटों के साथ देखा गया, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि वह चेन्नई पहुंचे हैं।
सूत्रों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के अनुसार, ऋतिक का यह दौरा फिल्म में उनके संभावित कैमियो की शूटिंग से जुड़ा हो सकता है। इससे पहले भी कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि अभिनेता इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, अभी तक फिल्म की टीम या निर्माताओं की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
नेल्सन दिलीप कुमार के निर्देशन में तैयार हो रही यह फिल्म साल 2023 की ब्लॉकबस्टर 'जेलर' का सीक्वल है। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर अपने चर्चित मुथुवेल पांडियन के अवतार में वापसी करेंगे। दर्शकों के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वाकई पर्दे पर सुपरस्टार रजनीकांत और ऋतिक रोशन की जोड़ी देखने को मिलेगी। इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, सूर्या और सूरज वेंजारामूडु समेत कई दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं, साथ ही मोहनलाल और शिव राजकुमार भी कैमियो में दिखेंगे।










