सरकार व नीतियाँ
23 Jun, 2026

पाइपलाइन से पहुंचेगा यमुना जल, राजस्थान को जल्द मिलेगा हिस्सा

यमुना जल परियोजना पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में पाइपलाइन आधारित जल आपूर्ति, जल संरक्षण और राजस्थान को उसके हिस्से का पानी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति पर चर्चा हुई।

नई दिल्ली, 23 जून।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ यमुना जल परियोजना को लेकर आयोजित बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के दौरान परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई और समझौता ज्ञापन (एमओए) के प्रमुख बिंदुओं को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए जल संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यमुना जल परियोजना को दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। परियोजना के तहत पानी की आपूर्ति पारंपरिक नहरों के बजाय पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से करने का प्रस्ताव है, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सकेगी।

उन्होंने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े छह राज्यों के मुद्दों का समाधान हो चुका है और इससे संबंधित समझौते पर भी जल्द हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस परियोजना का लाभ राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा सहित अन्य राज्यों को भी मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन पहलों से भविष्य में जल संकट से जुड़ी चुनौतियों का समाधान आसान होगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यमुना जल परियोजना राजस्थान, खासकर शेखावाटी क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी तथा बड़ी आबादी के जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र और हरियाणा सरकार के सहयोग से इस परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को नई गति मिल रही है और राज्यों के बीच जल विवादों व मांगों का सकारात्मक समाधान निकल रहा है। राजस्थान को यमुना जल उपलब्ध कराने की मांग वर्षों से की जा रही थी और अब इस दिशा में ठोस प्रगति दिखाई दे रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के लागू होने के बाद राजस्थान को उसके हिस्से का पानी मिलेगा, जिससे किसानों, उद्योगों और आम लोगों को व्यापक लाभ पहुंचेगा। इसके साथ ही राज्य में जल प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में भी सहायता मिलेगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हर नागरिक तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के उद्देश्य से सरकारें लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि रेणुका, लखवार और किशाऊ परियोजनाओं के माध्यम से उपलब्ध होने वाले जल का लाभ राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के लोगों को मिलेगा। बैठक में वर्षा जल के बेहतर उपयोग और उसे संरक्षित कर राजस्थान तक पहुंचाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।

|
आज का राशिफल

आपके पूंजीगत निवेशों से भी लाभ होगा। पारिवारिक उत्तरदायित्व अधिक रहेंगे। पदोन्नति मिलने का योग है। आमदनी में वृद्घि होगी। यात्रा में सावधानी बरतें। क्षमता से अधिक कार्य करने से मर्ज बिगड़ सकता है। मनचाहा स्थानान्तरण मिल सकता है। अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहें। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़