बालोतरा, 23 जून।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बालोतरा जिले में एक भू-अभिलेख निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित कृषि भूमि की नेखमबंदी के बदले परिवादी से धनराशि की मांग कर रहा था।
एसीबी के अनुसार तहसील गुड़ामालानी के सर्किल नगर में पदस्थ भू-अभिलेख निरीक्षक नारायण लाल के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि परिवादी के पिता की कृषि भूमि से संबंधित नेखमबंदी की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अधिकारी द्वारा 30 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
शिकायत की जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपित पहले ही कुछ राशि प्राप्त कर चुका था और शेष रकम के लिए लगातार दबाव बना रहा था। मामले की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित भूमि विवाद से जुड़ा मामला उपखंड मजिस्ट्रेट न्यायालय में विचाराधीन था। न्यायालय के आदेश के बाद तहसील प्रशासन ने नेखमबंदी की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी थी। आरोप है कि इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की गई।
इसके बाद एसीबी की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपित को परिवादी पक्ष से 20 हजार 500 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपित से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी के कार्यकाल और अन्य संभावित मामलों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एसीबी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सरकारी कार्यों के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










