अपराध
23 Jun, 2026

डेढ़ करोड़ लूटकांड का खुलासा, कंपनी कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड

दिल्ली में हुई डेढ़ करोड़ रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर खुलासा किया है कि कंपनी का एक कर्मचारी ही पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था।

नई दिल्ली, 23 जून।

राजधानी में हुई करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो किशोरों समेत सभी आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त कार्रवाई में उत्तरी जिले की स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपितों के कब्जे से 1 करोड़ 1.50 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन और अन्य सामान बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 10 जून को नितिन और उसका सहयोगी करण स्कूटी से दो बैगों में करीब 1.50 करोड़ रुपये नकद लेकर जा रहे थे। जखीरा फ्लाईओवर के पास बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए बदमाशों ने हथियार के बल पर दोनों बैग लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद सराय रोहिल्ला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने बताया कि जांच के दौरान करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी जांच में सामने आया कि बदमाश पश्चिम विहार से ही नकदी ले जा रहे कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। जांच में यह भी पता चला कि वारदात में बाइक के अलावा स्कूटी और एक कार का भी इस्तेमाल किया गया था।

वाहनों की पहचान के आधार पर पुलिस पहले दो किशोरों तक पहुंची। पूछताछ के बाद वीरेश उर्फ वीरू का नाम सामने आया और फिर पूरी साजिश का खुलासा हो गया। इसके बाद पुलिस ने वीरेश, मनप्रीत उर्फ ट्विंकल, कंपनी कर्मचारी करण और बाद में चरणजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि नकदी ले जाने वाले कर्मचारियों में शामिल करण ही पूरी वारदात का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस के मुताबिक उसने लालच में आकर अपने नियोक्ता की नकदी और उसके मूवमेंट की जानकारी अपराधियों तक पहुंचाई थी। वह लगातार आरोपितों को लोकेशन उपलब्ध करा रहा था, जिससे लूट की योजना को अंजाम दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के प्रमुख किरदार विक्की उर्फ गांजा और धीर सिंह हाल ही में जेल से बाहर आए थे। घटना के बाद दोनों दिल्ली छोड़कर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और जम्मू तक पहुंच गए। पुलिस टीमों ने लगातार 11 दिनों तक उनका पीछा किया और करीब 4000 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपितों से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, स्कूटी और लूट की रकम से खरीदे गए मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार यह राजधानी में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी नकदी लूट की घटनाओं में से एक थी, जिसका खुलासा तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और अंतरराज्यीय अभियान के जरिए संभव हो सका।

|
आज का राशिफल

आपके पूंजीगत निवेशों से भी लाभ होगा। पारिवारिक उत्तरदायित्व अधिक रहेंगे। पदोन्नति मिलने का योग है। आमदनी में वृद्घि होगी। यात्रा में सावधानी बरतें। क्षमता से अधिक कार्य करने से मर्ज बिगड़ सकता है। मनचाहा स्थानान्तरण मिल सकता है। अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहें। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़