सारण, 23 जून।
सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पचरौर बाजार से रसीदपुर जाने वाले मार्ग पर अवैध हथियार की खरीद-बिक्री की तैयारी चल रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की और तीनमुहानी के पास घेराबंदी कर दी।
इसी दौरान एक बाइक के पास खड़े तीन संदिग्ध युवकों ने पुलिस टीम को देखते ही भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार युवकों की पहचान रसीदपुर निवासी सैयद साजिद, अंधरबाड़ी निवासी सद्दाम हुसैन और छोटा माधोपुर निवासी हाजी अली के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में शामिल सैयद साजिद का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में कई मामलों में नामजद रह चुका है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इनके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।










