सूरजपुर, 23 जून।
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में डायल 112 की टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपितों का नगर में पैदल जुलूस भी निकाला। बाद में सभी को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना 19 जून की रात हुई थी। ग्राम खजुरी के पास एक ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में कई युवकों की मौत हो गई थी। हादसे की सूचना मिलने पर सहायता और व्यवस्था संभालने के लिए डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी।
घटना के बाद मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों और उनके सहयोगी स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि उग्र भीड़ ने पुलिस दल पर हमला करते हुए उनके साथ हिंसक व्यवहार किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। जांच के बाद छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।
मंगलवार को गिरफ्तार आरोपितों को प्रतापपुर नगर में पैदल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रतापपुर एसडीओपी अनूप एक्का ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना पर डायल 112 के वाहन चालक और आरक्षक मौके पर सहायता के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई। मामले में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है और गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जांच आगे भी जारी रहेगी।










