उलानबटार, 23 जून।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मंगलवार को मंगोलिया में निर्माणाधीन मंगोल रिफाइनरी प्रोजेक्ट का दौरा कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ मंगोलिया की विदेश मंत्री बत्त्सेत्सेग बत्मंख और उद्योग एवं खनन मंत्री गोंगोर डमदिनन्याम भी मौजूद रहे।
दौरे के दौरान विदेश मंत्री ने परियोजना स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और विभिन्न टीमों के साथ बैठक कर अब तक की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों के साथ चर्चा करते हुए कार्य की स्थिति का आकलन किया।
डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि भारत-मंगोलिया रणनीतिक साझेदारी और दोनों देशों की मित्रता का प्रतीक यह महत्वपूर्ण परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने इसे द्विपक्षीय सहयोग का एक अहम उदाहरण बताया।
विदेश मंत्री ने परियोजना स्थल पर कार्यरत भारतीय और मंगोलियाई कर्मचारियों से भी संवाद किया। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच इस जटिल और बड़े प्रोजेक्ट को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों, समर्पण और मेहनत की सराहना की।
उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी कर्मियों की प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारत और मंगोलिया के संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगी।










