अररिया, 23 जून।
बिहार के अररिया जिले में जोकीहाट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ी और सफल छापेमारी की है। पथराबाड़ी-भेलागंज मार्ग पर स्थित एक निर्माणाधीन मकान को पुलिस ने घेराबंदी कर खंगाला, जहां से विभिन्न नामचीन ब्रांड की कुल 340.50 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से शराब तस्करी में लिप्त दो अभियुक्तों को भी पुलिस ने दबोच लिया है।
जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा के मुताबिक, रात के समय गश्त के दौरान मुखबिर से मिली गुप्त सूचना पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस ठिकाने को निशाना बनाया। मौके से शराब की खेप के अलावा एक चारपहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। पकड़े गए तस्करों से फिलहाल पुलिस गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक का पता लगाया जा सके।
इस मामले में जोकीहाट थाने में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को विधि सम्मत कार्रवाई पूरी करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहने वाला है।










