नई दिल्ली, 23 जून।
भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण की वार्ता का विधिवत आगाज हो गया है। राजधानी के वाणिज्य भवन में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर ने मोर्चा संभाला है। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल बीटीए से जुड़े जटिल मुद्दों को सुलझाने और एक साझा फ्रेमवर्क तैयार करने पर चर्चा कर रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक की रूपरेखा जून माह के शुरुआती दिनों में हुई मुख्य वार्ताकारों के स्तर की चर्चाओं के बाद तय की गई थी। वाणिज्य विभाग के अनुसार, बातचीत का मुख्य केंद्र एक ठोस फ्रेमवर्क समझौते को अंतिम रूप देना है। केंद्रीय वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और भारत के मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन की उपस्थिति में दोनों पक्ष भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। उन्होंने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देशों को इस द्विपक्षीय व्यापार समझौते से सार्थक परिणामों की पूरी उम्मीद है। यह वार्ता भारत और अमेरिका की वैश्विक साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।










