राजनीति
25 Jun, 2026

भवाइया लोक संगीत पर पुस्तक का विमोचन, विरासत संरक्षण पर जोर

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भवाइया लोक संगीत पर आधारित पुस्तक का विमोचन करते हुए भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी की भागीदारी पर बल दिया।

नई दिल्ली, 25 जून।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को उपराष्ट्रपति भवन में भवाइया लोक संगीत पर आधारित पुस्तक ‘संस्कृतिर रत्न भंडार: भवाइयार इतिबृत्त’ का विमोचन किया। इस पुस्तक का लेखन सांसद जयंत कुमार रॉय और संगीता रॉय ने किया है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला, कूच बिहार पंचानन बर्मा यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) निखिल चंद्र रे तथा प्रकाशक कथा-ओ-कहानी के देबराज पात्रा भी उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भवाइया लोक संगीत उत्तर बंगाल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के जीवन, संघर्ष, भावनाओं और उम्मीदों की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि भारत की भाषाएं, लोककलाएं, परंपराएं और रीति-रिवाज देश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आधुनिकीकरण और वैश्वीकरण के दौर में भी भवाइया लोक संगीत जैसी लोक परंपराएं आज जीवंत हैं, क्योंकि उनका गहरा संबंध आम जनजीवन और लोक भावनाओं से है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर भारतीय संस्कृति, भाषाओं और पारंपरिक ज्ञान को सुरक्षित रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उनके अनुसार, विकास तभी सार्थक माना जाएगा जब उसके साथ सांस्कृतिक आत्मविश्वास और सभ्यतागत चेतना भी जुड़ी हो।

उन्होंने यह भी कहा कि योग जैसी भारत की प्राचीन परंपराएं आज वैश्विक स्तर पर अनेक चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत कर रही हैं। सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारत में अनेक भाषाएं, संस्कृतियां और समुदाय होने के बावजूद देश की सभ्यतागत भावना एक है और भारत सदैव एकजुट रहेगा।

उल्लेखनीय है कि भवाइया लोक संगीत उत्तर बंगाल, असम और आसपास के क्षेत्रों की प्रमुख लोक संगीत परंपरा है, जिसमें ग्रामीण जीवन, खेती-किसानी, प्रेम, विरह और लोक संस्कृति को गीतों के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाता है।

|
आज का राशिफल

कुछ कार्य भी सिद्घ होंगे। व्यर्थ की भाग-दौड़ से यदि बचा ही जाए तो अच्छा है। प्रियजनों से समागम का अवसर मिलेगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। महत्वपूर्ण कार्य को समय पर बना लें तो अच्छा ही होगा। परामर्श व परिस्थिति सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-2-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़