टॉप न्यूज़
25 Jun, 2026

तारातला गोदाम हादसे में मृतकों की संख्या 11, परिजनों को 10 लाख सहायता

तारातला के निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से मृतकों की संख्या 11 पहुंच गई है, वहीं मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं।

कोलकाता, 25 जून।

कोलकाता के तारातला क्षेत्र में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने के मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज राज्य सरकार के अस्पतालों में जारी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में घोषणा की कि मृतकों के प्रत्येक परिजन को 10 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के समय और उसके तुरंत बाद 10 लोगों की मौत हो गई थी। गुरुवार को उपचाराधीन एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या 11 हो गई। मृतकों में उत्तर 24 परगना के कृष्ण चौधरी, नदिया के रोहित चौधरी, पूर्व बर्दवान के राहुल चौधरी, कृष्णनगर के चंद्रमा चौधरी, श्यामनगर के पप्पू रजक, कोलकाता के खिदिरपुर निवासी अजगर हुसैन, बासंती के साहिल सरदार, बिहार के मुंगेर निवासी घी कुमार, मेटियाब्रुज के हसन इमाम, आसनसोल के नवीन सिंह और इलाज के दौरान जान गंवाने वाले गणेश कालिंदी शामिल हैं।

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे तारातला के बेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक भरभराकर गिर गई। उस समय वहां बड़ी संख्या में श्रमिक कार्य कर रहे थे। गुरुवार सुबह मलबे से पांच और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके साथ ही ढही हुई संरचना के नीचे से निकाले गए लोगों की कुल संख्या 30 पहुंच गई है।

राहत एवं बचाव अभियान पूरी रात चलता रहा और गुरुवार को भी जारी रहा। हालांकि तेज बारिश के कारण करीब एक घंटे तक अभियान की गति प्रभावित हुई। घटनास्थल पर पुलिस, अग्निशमन सेवा, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल तथा सेना के जवान लगातार मोर्चा संभाले रहे।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि ढहे हुए गोदाम के भवन मानचित्र पर मंत्री और पूर्व महापौर फिरहाद हकीम के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अब तक इस प्रकरण में पांच लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोलकाता नगर निगम के अभियंताओं से मिली शुरुआती जानकारी में स्वीकृत भवन मानचित्र में खामियों की आशंका सामने आई है। इसके बाद उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत सभी निर्माणाधीन व्यावसायिक परियोजनाओं के निर्माण कार्य 31 जुलाई तक रोकने और उनकी व्यापक जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

यह गोदाम श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह की पट्टे पर दी गई भूमि पर बनाया जा रहा था। प्रशासन मृतकों और घायलों से जुड़ी सभी जानकारियों का आधिकारिक सत्यापन कर रहा है। साथ ही जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल में जुटी हैं कि हादसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की कोई भूमिका रही या नहीं।

|
आज का राशिफल

कुछ कार्य भी सिद्घ होंगे। व्यर्थ की भाग-दौड़ से यदि बचा ही जाए तो अच्छा है। प्रियजनों से समागम का अवसर मिलेगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। महत्वपूर्ण कार्य को समय पर बना लें तो अच्छा ही होगा। परामर्श व परिस्थिति सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-2-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़