आगरा, 29 जून।
ताजनगरी आगरा में एक महिला की अस्मिता से खिलवाड़ का शर्मनाक वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। मंटोला थाना क्षेत्र के एक होटल में शूट किया गया यह वीडियो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसमें महिला अर्धचेतन अवस्था में नजर आ रही है।
वीडियो में तीन युवक दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक महिला के कपड़े उतारते हुए, दूसरा वीडियो बनाते हुए और तीसरा बेड पर बैठा हुआ है। इस घिनौनी हरकत का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मंटोला थाने में आईटी एक्ट और निजता हनन की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक टेम्पो चालक भी शामिल है। पुलिस अब होटल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है कि आखिर किस आधार पर और किन परिस्थितियों में यह कमरा उन युवकों को दिया गया था।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि फिलहाल पीड़िता की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही इस घटना के पीछे के सभी तथ्यों का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।














