नई दिल्ली, 29 जून।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने त्रि-भाषा नीति को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की है। बोर्ड के बयान के अनुसार, मौजूदा कक्षा 10वीं के छात्रों को इस नई भाषा नीति का पालन नहीं करना होगा।
इसके साथ ही, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में कक्षा 7वीं, 8वीं और 9वीं में पढ़ रहे छात्रों को भी 10वीं में पहुंचने पर तीसरी भाषा की बोर्ड परीक्षा नहीं देनी होगी।
बोर्ड ने जानकारी दी है कि जो छात्र अभी 7वीं, 8वीं और 9वीं में दो विदेशी भाषाएं पढ़ रहे हैं, वे उन्हें जारी रख सकेंगे। साथ ही उन्हें एक अतिरिक्त भारतीय भाषा का अध्ययन करना होगा।
सीबीएसई ने यह भी कहा है कि इन कक्षाओं के लिए ग्रेड के अनुसार आवश्यक संसाधन सामग्री एक तय समय सीमा के भीतर छात्रों को उपलब्ध करा दी जाएगी।














