वाराणसी, 29 जून।
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने शहर की व्यावसायिक इमारतों में बेसमेंट के दुरुपयोग के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने सोमवार को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन व्यावसायिक इमारतों में बेसमेंट का उपयोग पार्किंग के स्थान पर दुकानों अथवा कर्मचारियों के आवासीय उपयोग में किया जा रहा है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण के सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी इमारतों की विस्तृत सूची तैयार करने का आदेश दिया है। वीडीए का मानना है कि नक्शे में पार्किंग के लिए चिह्नित जगह का व्यावसायिक लाभ के लिए उपयोग करना नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुई अग्निकांड की दुखद घटना के बाद वीडीए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पूर्ण बोरा ने कहा कि सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाने वाली और बिना स्वीकृत नक्शे के संचालित इमारतों को सील करने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यावसायिक परिसरों में अवैध निर्माण और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














